अजमेर। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी शहर की व्यवस्थाएं सुधारने को लेकर एक्शन मोड में आ गए हैं। उन्होंने पेयजल आपूर्ति सुधारने के लिए जलदाय विभाग को 15 दिन का समय दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस अवधि में शहर में 48 घण्टे में पेयजल आपूर्ति नहीं हुई तो अफसर कार्यवाही या शहर से बाहर जाने के लिए तैयार रहें।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर शहर और उत्तर विधानसभा क्षेत्र की पेयजल संबंधी व्यवस्थाओं में सुधार के लिए जलदाय विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने शहर में असमान और अनियमित जलापूर्ति पर नाराजगी जताई है। देवनानी ने स्पष्ट रूप से कहा कि शहर में अगले 15 दिन में 48 घण्टे में जलापूर्ति हो। इसके साथ ही अन्य समस्याओं का भी समयबद्ध निराकरण हो। आमजन की समस्याओं के प्रति लापरवाही का रवैया रखने वाले अफसर और कार्मिक कार्यवाही और जिले से बाहर जाने के लिए तैयार रहें।